जनप्रतिनिधि मामले पर नहीं देरहे जवाब
लातेहार : लातेहार प्रखंड के डीही पंचायत में ठंड से दो लोगों की जान चली गयी. पंचायत के कटहल टोला निवासी नकटू यादव की पत्नी शनिचरिया देवी एवं मंगरा गांव निवासी गंदरा भुइंया की पत्नी रतनी देवी की मौत ठंड लगने से हो गयी. दीगर बात यह है कि पंचायत में चार सौ कंबल बांटा जाना था.
पंचायत समिति सदस्य गुलशन बीबी ने प्रखंड कार्यालय से तीन दिन पहले कंबल का उठाव कर अपने आवास में ले गयीं थीं. कंबलों को पंचायत सचिवालय में रखना था. लोगों का आरोप है कि पंसस श्रीमती गुलशन ने कंबल वितरण अभी तक नहीं किया. मुखिया संदीप उरांव का कहना है कि वह कंबल लेने प्रखंड कार्यालय गये थे.
वहां पता चला कि पंसस गुलशन बीबी ने कंबल का उठाव कर लिया है. कंबलों का विरतण क्यों नहीं हुआ है इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. प्रखंड प्रमुख अशोक कुमार ने कहा कि कंबल बांटने के लिए भेज दिये गये थे. इस बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी उत्तम प्रसाद ने कहा कि अगर अभी तक कंबल नहीं बांटे गये हैं तो इसकी जांच की जायेगी. ग्रामीणों का कहना है कि कड़ाके की ठंड के बावजूद कंबल वितरण नहीं होने से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
