29 नवंबर को चुनाव पर नजर रखने के लिए उड़ाया गया था
गारू(लातेहार) : विधानसभा चुनाव के दौरान सीआरपीएफ 214 बटालियन का ड्रोन कैमरा नियमित उड़ान के दौरान गारू के बारीबांध जंगल में कहीं गुम हो गया.
सीआरपीएफ 20 दिनों से इसकी तलाश कर रही है. 214 बटालियन (सी) कंपनी के सहायक समादेष्टा बी प्रभाकरण ने बताया कि गारू के सीआरपीएफ सीमाखास कैंप से चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 29 नवंबर को अपराह्न 3:58 बजे ड्रोन कैमरा (यूएवी नेत्रा) बारीबांध – रूद प्रक्षेत्र के जंगल की ओर भेजा गया था. लेकिन चार मिनट के बाद ही करीब 2700 मीटर दूर तक उड़ान भरने के बाद कंट्रोल रूम से उसका संपर्क टूट गया.
आशंका है कि ड्रोन कैमरा बारीबांध-रूद के जंगल में गिरकर गया होगा. इस कैमरे की तलाश जोरों पर की जा रही है. उन्होने कहा कि कैमरे के संबंध में सूचना देने या पहुंचाने वाले ग्रामीणों को पुरस्कार दिया जायेगा. उन्होंने कैमरा के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी सीआरपीएफ के कंट्रोल रूम को मोबाइल नंबर 7033530533 पर देने की अपील की है.
