जला कर मार डालने का आरोप, पति गिरफ्तार

मनिका : थाना क्षेत्र के जान्हो गांव के रोहनियांटांड टोला निवासी छकन भुईयां एवं उसके परिजनों पर लोकनाथ भुईयां (लहलहे, कसिया, पलामू) ने पुत्री रीता कुमारी को जला कर मार डालने का आरोप लगाया है. घटना मंगलवार की है. इस संबंध में मनिका थाना में आवेदन दिया गया है. लोकनाथ ने बताया कि पुत्री रीता […]

मनिका : थाना क्षेत्र के जान्हो गांव के रोहनियांटांड टोला निवासी छकन भुईयां एवं उसके परिजनों पर लोकनाथ भुईयां (लहलहे, कसिया, पलामू) ने पुत्री रीता कुमारी को जला कर मार डालने का आरोप लगाया है. घटना मंगलवार की है. इस संबंध में मनिका थाना में आवेदन दिया गया है.

लोकनाथ ने बताया कि पुत्री रीता की शादी छकन भुईयां से 12 जून 2019 को हुई थी. उन्होंने यथा संभव दान दहेज दिया था, लेकिन शादी के बाद से छकन भुईयां सोने की चैन और मोटरसाइकिल के लिए लगातार उनकी बेटी पर दबाव बना कर मारपीट करता था. रीता ने इसकी जानकारी दी तो उन्होंने दामाद को समझाने का प्रयास किया.
21 जुलाई को दामाद छकन भुईयां और उसके बहनोई राजेंद्र भुईयां रीता की विदाई कराकर अपने घर ले गये. रविवार की रात में ही रीता ने फिर से मारपीट करने की बात उन्हें मोबाइल पर बतायी थी. मंगलवार को छकन भुईयां के एक अन्य बहनोई पिंटू भुईयां फोन कर बताया कि रीता ने आग लगा ली है और उसे इलाज के लिए तुंबागड़ा ला रहे हैं, आपलोग भी आ जाइये. तुंबागड़ा में प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन रांची जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
लोकनाथ भुईयां ने रीता के पति छकन भुईयां, सास तारो देवी, बहनोई राजेंद्र भुईयां और पिंटू भुईयां पर दहेज की खातिर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है. मनिका थाना पुलिस ने आरोपी छकन भुईयां को हिरासत में ले लिया है. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >