चंदवा : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार रांची-नयी दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस में दो जुलाई से यात्रियों को टोरी-लातेहार रेलवे स्टेशन से रिजर्वेशन टिकट नहीं मिल पायेगा. हालांकि ठहराव बना रहेगा. इसकी जानकारी तब हुई जब जब यात्री दो जुलाई की तिथि में रिजर्वेशन के लिए टोरी रेलवे स्टेशन के काउंटर पहुंचे.
इस बाबत टोरी स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार व वाणिज्य पर्यवेक्षक रंजन शर्मा ने बताया कि प्रत्येक छह माह पर रेलवे बोर्ड द्वारा यह समीक्षा की जाती है कि ठहराव वाले स्टेशन पर उक्त एक्सप्रेस का प्रतिदिन कितना टिकट बिकता है. इसके बाद विस्तार दिया जाता है. इधर, टोरी जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन की रेल प्रशासन द्वारा की जा रही उपेक्षा को लोग पचा नहीं पा रहे हैं.
टिकट नहीं मिलने की स्थिति में लोग बरकाकाना या डालटेनगंज रेलवे स्टेशन से रिजर्वेशन ले पायेंगे. ज्ञात हो कि तत्कालीन सांसद इंदर सिंह नामधारी के प्रयास से टोरी व लातेहार में गरीब रथ का ठहराव व बुकिंग की व्यवस्था हो पायी थी. टोरी स्टेशन से चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा व रांची जिला के यात्री आवागमन करते हैं. इसे लेकर आम जन संघर्ष के लिए गोलबंद हो रहे हैं.
