लातेहार : बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड में लातेहार व डेमू रेलवे स्टेशन के बीच नावाडीह गांव के समीप रेलवे ट्रैक से एक युवक का शव बरामद किया गया है. शव की पहचान खलारी के शांति नगर निवासी नरेश प्रसाद के पुत्र अभिषेक कुमार गुप्ता (22) के रूप में की गयी है.
वह लातेहार के अंबाकोठी स्थित अपने रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहा था. परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका व्यक्त की है, जबकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है.
मृतक के शव के पास से मोबाइल एवं पर्स गायब पाये गये. इस संबंध में बरकाकाना रेलवे पुलिस में मामला दर्ज किया गया है. शव का लातेहार में अंत्यपरीक्षण करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है.
बरवाडीह. प्रखंड के छिपादोहर थाना क्षेत्र के हेहेगडा रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह नंदलाल सिंह (65) का शव बरामद किया गया है.
बरवाडीह रेल खंड के हेहेगडा रेलवे स्टेशन से आगे रेल ट्रैक पर हेहेगडा निवासी नंदलाल सिंह का शव बरामद किया गया. शव पर टांगी से वार किये जाने के निशान हैं. सूचना मिलने पर छिपादोहर पुलिस शव को अपने कब्जे में कर आवश्यक शव को पोस्टमार्टम हेतु लातेहार भेज दिया.
छिपादोहर थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि नंदलाल सिंह की मौत ट्रेन से कट कर हुई है या फिर किसी ने उसे मारकर शव को रेलवे ट्रेक पर फैंक दिया है, इसकी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा होगा.
