लातेहार : उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को सुदृढ़ व व्यवस्थित करने का निर्देश दिया. सोमवार को समाहरणालय में जिला समाज कल्याण की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल एवं आवश्यक पौष्टिक भोजन की व्यवस्था कराने का निर्देश महिला पर्यवेक्षिका एवं सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को दिया.
उपायुक्त ने हाल के दिनों में विलय होने के उपरांत खाली पड़े विद्यालय भवनों में वैसे आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट करने का निर्देश दिया जिनका अपना भवन नहीं है.
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के चयन में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. सेविका के चयन में त्वरित गति से कार्रवाई करने का निर्देश समाज कल्याण पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा को दिया. उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करनेवाले सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया.
बैठक में डीडीसी अनिल कुमार सिंह ने सेविका-सहायिका चयन में आवेदन किसी भी स्तर पर लंबित नहीं रखने का सख्त निर्देश दिया और चयन के बाद अविलंब उन्हें औपबंधिक नियुक्ति प्रमाण पत्र देने काे कहा. बैठक में अपर समाहर्ता नेलसम एयोन बागे, निदेशक डीआरडीए संजय भगत, एसडीओ वरुण रंजन, जिला कल्याण पदाधिकारी रमेश चौबे, जिला सामान्य शाखा प्रभारी प्रिंस गॉडविन कुजूर समेत जिले के कई बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और महिला पर्यवेक्षिका उपस्थित थे.
