झुमरीतिलैया (कोडरमा): शहर के रांची-पटना रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में रविवार को इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया. सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली.
मृतक की पहचान डोमचांच थाना क्षेत्र के रायडीह निवासी 28 वर्षीय आकाश पासवान (पिता प्रेम पासवान) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, बुखार होने पर शनिवार अपराह्न करीब तीन बजे आकाश को क्लिनिक में भर्ती कराया गया था. रविवार को अस्पताल प्रबंधन ने अचानक उसकी हालत गंभीर होने की जानकारी दी. परिजनों का आरोप है कि आकाश की मौत अस्पताल में ही हो चुकी थी, लेकिन इसे छिपाने के लिए उसे रेफर बताकर एंबुलेंस से बाहर ले जाया गया. बाद में उन्हें उसकी मौत की सूचना दी गई.
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. बताया गया कि आकाश गुजरात में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. परिवार में पत्नी, चार वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीया पुत्री हैं. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. समाचार लिखे जाने तक मामले की जांच जारी थी.
