सतगावांल: थाना क्षेत्र के नंदूडीह गांव निवासी रुचिका कुमारी (33) की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद मायके पक्ष की मांग पर पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया. जानकारी के अनुसार रुचिका कुमारी, नीरज कुमार सिन्हा की पत्नी थीं और पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं.
उनका इलाज रांची में हो रहा था. परिजनों के अनुसार कभी उनके पति तो कभी उनके भाई उन्हें इलाज के लिए रांची ले जाते थे और चिकित्सकों की ओर से दी गयी दवाएं नियमित रूप से चल रही थीं. बुधवार को दवा लेने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल कोडरमा ले गये, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतका अपने पीछे तीन पुत्रियों को छोड़ गयी हैं. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है.
