चिप्स और पानी लेने उतरी महिला की ट्रेन की चपेट में आकर मौत

कोडरमा जंक्शन पर सियालदह-जालियांवाला बाग एक्सप्रेस से हुआ दर्दनाक हादसा

कोडरमा जंक्शन पर सियालदह-जालियांवाला बाग एक्सप्रेस से हुआ दर्दनाक हादसा एक घंटे तक रुकी रही ट्रेन, भांजी व जुड़वां बच्चों के साथ सफर कर रही थी महिला झुमरीतिलैया. कोडरमा जंक्शन पर ट्रेन में चढ़ने के क्रम में शुक्रवार शाम को एक महिला गिर गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. मृतका की पहचान 24 वर्षीया मुस्कान शर्मा पति तपन मंशी (निवासी रामबाद, थाना हीरापुर, जिला वर्द्धमान, पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है़ बताया जाता है कि 12379 सियालदह-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के कोच संख्या-बी-3 में महिला अपनी भांजी व एक माह के जुड़वां बच्चों के साथ बर्थ संख्या 26 व 28 से आसनसोल से नयी दिल्ली के लिए सफर कर रही थी. कोडरमा जंक्शन के अप लाइन के प्लेटफार्म संख्या चार पर ट्रेन के 6:45 बजे रुकने के बाद महिला गेट पर आयी और चिप्स-पानी बोतल लेने उतर गयी. इसी दौरान अचानक ट्रेन खुल गयी. ट्रेन खुलते देख महिला ने दौड़ कर अपने कोच में चढ़ने का प्रयास किया, पर वह ट्रेन की चपेट में आ गयी. हादसे में महिला ट्रेन के नीचे चली गयी और उसकी मौत हो गयी. इस घटना के बाद उक्त ट्रेन करीब एक घंटा तक कोडरमा जंक्शन पर खड़ी रही़ ट्रेन 7:46 बजे खुली़ घटना की सूचना पर आरपीएफ व जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची़ यही नहीं, इस घटना की वजह से इस ट्रेन के पीछे आ रही अन्य यात्री ट्रेनें भी प्रभावित हुई़ सियालदाह-जम्मूतवी एक्सप्रेस को रेलवे ने दूसरे लाइन से गंतव्य के लिए रवाना किया़ घटना के बाद मृतका की भांजी व दो जुड़वां बच्चों को देख हर कोई गमगीन नजर आया़ ट्रेन में रहता पैंट्री कार, तो शायद नहीं होता हादसा बताया जाता है कि जिस ट्रेन से यह हादसा हुआ, उसमें पैंट्री कार नहीं है़ इस वजह से इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को खाने-पीने का सामान लेने में परेशानी होती है़ लंबी दूरी की इस ट्रेन में पैंट्री कार नहीं होने पर सवाल उठते रहे हैं. लोगों के अनुसार, अगर ट्रेन में पैंट्री कार होता, तो शायद महिला पानी व चिप्स लेने के लिए नहीं उतरती और इस तरह का हादसा नहीं होता़ इधर, घटना के बाद जीआरपी ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है़ परिजन कोडरमा पहुंचने वाले हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Deepesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >