प्रतिनिधि कोडरमा
चेचाई, चाराडीह स्थित विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा निकिता कुमारी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीटू यूजी में 720 में 586 नंबर लाकर जनरल ईडब्लूएस कैटेगरी में 1715 रैंक प्राप्त किया है. वहीं दूसरी छात्रा शगुफ्ता प्रवीण ने 720 में से 551 नंबर लाकर ओबीसी कैटेगरी में 17675 रैंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया है. छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर अपने परिवार सहित पूरे समाज व विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है. ये सफलता इन्होंने अपने दूसरे प्रयास में प्राप्त की. निकिता पिछले वर्ष बारहवीं बोर्ड में भी सर्वाधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनी थी. वहीं शगुफ्ता प्रवीण ने प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा इस विद्यालय से प्राप्त की है.
उसकी इस सफलता पर माता-पिता सहित पूरा परिवार हर्ष महसूस कर रहा है. विद्यालय निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि इन दोनों के सफलता से हम सभी विद्यालय परिवार अति उत्साहित है. मेहनत करने वाले सफलता के चरम पर अवश्य पहुंचते हैं, ये परीक्षा अति कठिन परीक्षाओं में से एक है और ऐसे परीक्षा में सफल होना आसान नहीं होता हैं. उम्मीद करते हैं कि आगे ये दोनों सरकारी मेडिकल कॉलेज में नामांकन लेकर एक अच्छे डॉक्टर बनकर जनमानस की सेवा करेगी.
पूरे विद्यालय परिवार ने निकिता व शगुफ़्ता को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की. निकिता मूल रूप से रामगढ़ की रहने वाली हैं, उसने झुमरीतिलैया में अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई पूरी की है. इसके पिता दिनेश्वर मोदी व्यवसायी हैं और मां मीना देवी गृहिणी है. वहीं शगुफ़्ता प्रवीण कटारियाटांड़ नवलशाही की रहने वाली है. इसके पिता तस्लीम पत्थर व्यवसायी हैं, वहीं माता शहनाज खातून गृहिणी है.
