कोडरमा बाजार: जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रमण कुमार शनिवार को कोडरमा प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र मेघातरी का भ्रमण किया. इस दौरान उनकी मौजूदगी में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कुष्ठ मरीजों के पारिवारिक एवं सामाजिक संपर्क में आये सभी व्यक्तियों की पूर्ण जांच किया गया.
जांच क्रम में कुष्ठ रोग के 2 नए मरीजों की पुष्टि हुई. वहीं 24 सम्पर्क व्यक्तियों को एसडीआर का सिंगल डोज दिया गया. डॉ रमण ने बताया कि कोडरमा जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है. इसी को लेकर गांव गांव जाकर संदिग्ध लोगों का कुष्ठ जांच किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा कुष्ठ मरीजों की पहचान हो और समय रहते ऐसे मरीजों का इलाज सुनिश्चित किया जाय.
उन्होंने बताया कि एसडीआर की सिंगल डोज देने से कुष्ठ रोग होने की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है. इस दौरान उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोडरमा के सहयोग से मेघातरी में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर शतप्रतिशत लोगों का स्वास्थ्य जांच करवाने का निर्देश दिया.
इसके उपरांत डॉ रमण ने टीबी रोग के 2 मरीजों के घर पहुंचे और मरीजों से उनके इलाज व स्वास्थ्य की स्थिति की जानकारी लिया. मौके पर जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ रमण कुमार के अलावे फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन, एएनएम प्रीति कुमारी आदि मौजूद थे.
