कोडरमा बाजार: जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ रमण कुमार ने शनिवार को कोडरमा प्रखंड के सुदूरवर्ती मेघातरी गांव का भ्रमण किया. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने कुष्ठ मरीजों के पारिवारिक और सामाजिक संपर्क में आये सभी लोगों की जांच की. जांच के दौरान कुष्ठ रोग के दो नये मरीजों की पहचान हुई.
वहीं 24 संपर्क व्यक्तियों को एसडीआर की सिंगल डोज दी गयी. डॉ रमण कुमार ने कहा कि कोडरमा जिले को कुष्ठ मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत गांव-गांव जाकर संदिग्ध लोगों की जांच की जा रही है, ताकि मरीजों की समय पर पहचान कर उनका इलाज शुरू किया जा सके.
उन्होंने बताया कि एसडीआर की सिंगल डोज देने से कुष्ठ रोग होने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है. उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट राजीव रंजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से मेघातरी में स्वास्थ्य शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों की जांच कराने का निर्देश दिया.
इसके बाद डॉ. रमण ने टीबी के दो मरीजों के घर पहुंचकर उनके उपचार और स्वास्थ्य की जानकारी भी ली. मौके पर एएनएम प्रीति कुमारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे.
