कोडरमा. कोडरमा सांसद सह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गुरुवार को सतगावां प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने झारखंड सरकार की नीतियों और व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा.
दौरे की शुरुआत में केंद्रीय मंत्री भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रमोद यादव के आवास पहुंचीं. उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. बालगोविंद यादव के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. इसके बाद दुमदुमा गांव पहुंचकर कुछ दिनों पूर्व दिवंगत समाजसेवी सह घोड़सिमर मंदिर समिति के सदस्य प्रकाश यादव के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया.
झारखंड सरकार की व्यवस्था पर बोला हमला
वन प्रक्षेत्र कार्यालय के विश्राम गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्य सरकार की लचर व्यवस्था के कारण झारखंड के साथ सतगावां की स्थिति भी खराब है. उन्होंने कहा कि सरकार को आम लोगों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बचपन प्ले स्कूल कोडरमा में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चे
जेजे कॉलेज को गिरिडीह विवि से जोड़ने पर साधा निशाना
कोडरमा के जेजे कॉलेज को विनोबा भावे विश्वविद्यालय से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़े जाने के मामले में केंद्रीय मंत्री ने राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कोडरमा के युवाओं के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. गिरिडीह जाकर पढ़ाई करना विद्यार्थियों के लिए मुश्किल है, लेकिन राज्य सरकार जनहित को समझने में विफल है.
बिजली की बदहाली पर अधिकारी को लगायी फटकार
स्थानीय लोगों ने सतगावां में बिजली की बदहाल व्यवस्था की शिकायत केंद्रीय मंत्री से की. इस पर उन्होंने तत्काल बिजली विभाग के पदाधिकारी को फोन कर फटकार लगायी और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया. वहीं राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, बासोडीह के जर्जर भवन और सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों से लिखित आवेदन देने को कहा, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके.
जेएसएलपीएस महिला समूह ने सौंपा ज्ञापन
वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में जेएसएलपीएस के महिला समूह की सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनूप जोशी, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, सांसद प्रतिनिधि विनोद यादव, सतगावां मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बासोडीह मंडल अध्यक्ष नरेश यादव समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
