झुमरीतिलैया से सुजल भदानी की रिपोर्ट
श्री दिगंबर जैन समाज तिलैया की ओर से स्टेशन रोड स्थित नवनिर्माणाधीन जैन मंदिर की नौ वेदियों के शिलान्यास समारोह के तीसरे दिन रविवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. जैन संत गुरुदेव सुयश सागर जी एवं कौशल्य सागर जी के सानिध्य में निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. नौ घोड़ा-बग्गियों को फूल-मालाओं और आकर्षक लाइटों से सजाया गया था. इनमें नौ वेदियों के पुण्यार्जक परिवारों को बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया.
बैंड-बाजे और भक्ति गीतों से गूंजा शहर
शोभायात्रा में पंजाब लुधियाना आर्मी बैंड, मधुबन पारसनाथ छोटू बैंड, कोडरमा ताशा पार्टी, डीजे साउंड और बैंड-बाजे ने आकर्षण बढ़ाया. पुरुष श्रद्धालु श्वेत परिधान में शामिल हुए, जबकि महिलाएं रंग-बिरंगे परिधानों में भक्ति गीतों और जयघोष के साथ शामिल हुईं. कोलकाता से आयी चार सदस्यीय टीम ने श्रद्धालुओं को रंग-बिरंगे साफे बांधे. शोभायात्रा पानी टंकी रोड स्थित नया जैन मंदिर से शुरू होकर ओवरब्रिज होते हुए बड़ा मंदिर, स्टेशन रोड पहुंची. झांझरी गली के पास बच्चों ने पैदल चल रहे जैन संत सुयश सागर एवं कौशल्य सागर जी के चरण धोकर आशीर्वाद लिया.
ये भी पढ़ें: चतरा में चौकीदारों पर पैसे मांगने के आरोप की जांच पूरी, कार्रवाई के लिए DC को भेजी रिपोर्ट
नौ वेदियों में पूजा-अर्चना, संतों ने दिया आशीर्वाद
बड़ा मंदिर पहुंचने पर विश्व शांति मंत्र और हवन के साथ नौ वेदियों में पूजा-अर्चना की गयी. श्रद्धालुओं ने रतन, रजत और ताम्र पत्र अर्पित किए. णमोकार मंत्र के जाप से मंदिर परिसर गूंज उठा. पंडित अभिषेक शास्त्री एवं प्रतिष्ठाचार्य संजय मुक्तागिरि ने मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कराया. पुण्यार्जक परिवारों को संतों का आशीर्वाद और समाज की ओर से प्रशस्ति पत्र दिया गया.
मौके पर विवेक सेठी, अभिषेक गंगवाल, फूल्लू छाबड़ा, विरागोदय चातुर्मास कमेटी के संयोजक रौनक कासलीवाल, राहुल छाबड़ा, सिद्धांत सेठी, प्रशम सेठी, विकास सेठी, संजय छाबड़ा, लट्टू, सौरभ लोहारिया, लोकेश पटौदी, मनीष गंगवाल एवं जोंटी काला समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे. चातुर्मास कर रहे जैन संत सुयश सागर ने कहा कि झुमरीतिलैया धर्म नगरी है.पंचम काल में भी यहां धर्म की ध्वजा लहरा रही है, जो लोगों की श्रद्धा, प्रेम और विश्वास का परिणाम है.
मंदिर निर्माण में सहयोग करने वालों का जताया आभार
मंदिर निर्माण में सहयोग करने वाले भक्त पुण्य और यश-कीर्ति के भागीदार हैं. धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन, समाजसेवी विनोद जैन काला और कोडरमा के उप विकास आयुक्त रवि जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए. मंदिर निर्माण कमेटी के संयोजक सुरेश झांझरी, सुशील छाबड़ा एवं ललित सेठी ने सभी का आभार जताया. मंत्री नरेंद्र झांझरी ने स्वागत भाषण दिया.
सह मंत्री राज छाबड़ा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र काला, भंडारी सुनील सेठी, महिला समाज की अध्यक्ष नीलम सेठी, मंत्री आशा गंगवाल सहित अनेक सदस्यों ने योगदान दिया. नमन सेठी, अरिहंत झांझरी एवं पीयूष कासलीवाल ने योगदान दिया.
