मरकच्चो, कोडरमा : थाना क्षेत्र की एक महिला ने शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में जामू निवासी अनूप कुमार (23), पिता विजय दास को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
महिला ने आवेदन में बताया है कि अनूप कुमार पिछले करीब दो वर्षों से शादी का प्रलोभन देकर उसका यौन शोषण करता रहा. आठ सितंबर की शाम करीब चार बजे अनूप ने फोन कर उसे घर से बुलाया. उसने शादी करने और उसे गुजरात ले जाने की बात कही तथा महिला को कोडरमा स्टेशन ले गया.
स्टेशन पर शादी की जिद करने पर भागने लगा युवक
महिला के अनुसार, स्टेशन पहुंचने के बाद उसने पहले शादी करने की जिद की. इस पर युवक उसे स्टेशन पर छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा. महिला ने उसके कथित गलत इरादे को भांपते हुए उसे पकड़ लिया. इसके बाद अनूप ने अपने पिता विजय दास को फोन किया.
कुछ देर बाद विजय दास अन्य लोगों के साथ वाहन से स्टेशन पहुंचे और दोनों को जामू स्थित गांव ले गये. इसकी जानकारी महिला के मायके वालों को मिलने के बाद उन्होंने प्रशासन की मदद ली और दोनों को थाना पहुंचाया. पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि महिला तलाकशुदा है और उसकी एक बच्ची भी है.
