सतगावां, कोडरमा : मरचोई पंचायत स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय कटहरा में कार्यरत सहायक शिक्षक अभय कुमार शर्मा के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होने पर बुधवार को विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया. विद्यालय परिवार, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने उन्हें फूल-माला व उपहार देकर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
अभय कुमार शर्मा ने लगभग 23 वर्षों के शैक्षणिक सेवाकाल में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया. उनके सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिसर में भावुक माहौल रहा. उपस्थित शिक्षकों ने कहा कि अभय कुमार शर्मा ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का कार्य किया.
अतिथियों ने शिक्षकीय योगदान को सराहा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संकुल प्रभारी सह उत्क्रमित उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद शाहिद सलीम और विशिष्ट अतिथि शिशिर कुमार मिश्रा मौजूद थे. अतिथियों ने अभय कुमार शर्मा के लंबे सेवाकाल की सराहना की. उन्होंने कहा कि एक शिक्षक कभी वास्तव में सेवानिवृत्त नहीं होता, क्योंकि उसके द्वारा दी गयी शिक्षा और संस्कार पीढ़ियों तक जीवित रहते हैं.
मौके पर सहायक अध्यापक नवलेश पांडेय, मनोज कुमार, रविंद्र रजक, मध्य विद्यालय ईटाय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार मिश्रा, संतोष कुमार, विकास कुमार, राधा कुमारी, अनिल कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
