कोडरमा: कोडरमा के चंदवारा प्रखंड सभागार में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से झारखंड सरकार के स्थायी एवं अनुबंधित कर्मचारियों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को बैंक में वेतन खाता खोलने पर मिलने वाली सुविधाओं एवं लाभों की जानकारी देना था. इस दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से वेतन खाता खोलने के विभिन्न लाभों की विस्तार से जानकारी दी गयी.
बैंक अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की स्थिति में कर्मचारियों को नि:शुल्क दुर्घटना बीमा का लाभ मिलेगा. वहीं आपात स्थिति में एक महीने के वेतन के बराबर ओवरड्राफ्ट की सुविधा तथा तत्काल वित्तीय जरूरतों के लिए छह महीने की सैलरी के बराबर पर्सनल लोन की सुविधा उपलब्ध करायी जा सकती है.
शिविर में बीओआई चंदवारा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक संदीप कुमार, बांझेडीह शाखा की शाखा प्रबंधक अनुभा नारायण ने कर्मचारियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. मौके पर एलडीएम कार्यालय से मीनू करमाली सहित अंचल कार्यालय के सभी कर्मी मौजूद थे.
