कोडरमा: रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के बैनर तले तिरंगा यात्रा निकाली गई. तिरंगा यात्रा का नेतृत्व एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मो. सेराज ने किया. यात्रा में महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रशिक्षुओं ने फरेंदा, छोटकीबागी, बड़कीबागी, मरियमपुर सहित आसपास के गांवों का भ्रमण किया. इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम, वीर शहीद अमर रहें आदि देशभक्ति नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा.
प्रशिक्षुओं ने ग्रामीणों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया. महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है. तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और समर्पण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है. युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए.
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मो. सेराज ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रशिक्षुओं में देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में जागरूक नागरिक की भूमिका निभाना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है. मौके पर सहायक प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण व प्रशिक्षुगण मौजूद थे.
