झुमरीतिलैया: रोटरी क्लब कोडरमा द्वारा संचालित रोटरी बाल विद्यालय में शनिवार को दुमका से आईं योग प्रशिक्षिका सोना शर्मा ने विद्यालय के बच्चों के बीच बिस्किट, टॉफी, स्केच पेन सहित अन्य शिक्षण सामग्री का वितरण किया. इस अवसर पर रोटरी क्लब कोडरमा के अध्यक्ष नवीन आर्य एवं पूर्व अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने उनका स्वागत किया.
सोना शर्मा अग्रसेन भवन में रोटरी क्लब कोडरमा की ओर से आयोजित चार दिवसीय योग शिविर में प्रशिक्षण देने के लिए कोडरमा पहुंची हैं. उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से अग्रसेन भवन में चल रहे योग शिविर का लाभ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि योग हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है और नियमित योग करने वाला व्यक्ति अनेक बीमारियों से दूर रहता है.
रोटरी बाल विद्यालय की व्यवस्था की सराहना करते हुए सोना शर्मा ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों के बीच आकर उन्हें अत्यंत खुशी हुई. विद्यालय में विभिन्न प्रकार की सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक हैं.
उन्होंने शिक्षकों की कार्यशैली और विद्यालय की व्यवस्थाओं की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि रोटरी क्लब का यह प्रयास वास्तव में अनुकरणीय है.मौके पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के परियोजना निदेशक आशीष आकाश, रोटरी सहेली केंद्र की ज्योति पुजारा, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष कंचन भदानी, ज्योति झा, काजल गुप्ता, विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित थे.
