झुमरीतिलैया: रोटरी क्लब ऑफ कोडरमा की 68वीं पदस्थापना समारोह रविवार को शिव वाटिका में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ. समारोह में रोटरी की सेवा भावना, नेतृत्व परिवर्तन और समाज के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता की झलक देखने को मिली. कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी बाल विद्यालय के बच्चों के मनमोहक स्वागत नृत्य से हुआ. इसके बाद अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया.
सत्र 2025-26 के अध्यक्ष रोटेरियन संतोष सिन्हा ने स्वागत भाषण दिया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रांची से पहुंचे पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (पीडीजी) रोटेरियन योगेश गंभीर रहे, जबकि असिस्टेंट गवर्नर (एजी) रोटेरियन अमित कुमार की विशेष उपस्थिति रही. मुख्य अतिथि का परिचय रोटेरियन प्रतीक जैन ने प्रस्तुत किया. मंच संचालन रोटेरियन शैलेश दारूका ने किया.
नवीन कुमार आर्या ने संभाली अध्यक्ष की जिम्मेदारी
पदस्थापना समारोह के दौरान मुख्य अतिथि पीडीजी योगेश गंभीर ने सत्र 2026-27 के अध्यक्ष रोटेरियन नवीन कुमार आर्या को कॉलर पहनाकर एवं चार्टर सौंपकर पदभार ग्रहण कराया. उन्होंने नये अध्यक्ष को कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं. वहीं सत्र 2025-26 के सचिव रोटेरियन संदीप सिन्हा ने नवनियुक्त सचिव रोटेरियन मोहक सुल्तानिया को कार्यभार सौंपा. कोषाध्यक्ष के रूप में रोटेरियन सिमरनजीत सिंह ने भी पदभार ग्रहण किया और वित्तीय जिम्मेदारियों को पारदर्शिता एवं निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया.
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने रोटरी के सेवा कार्यों को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाने तथा ‘क्रिएट लास्टिंग इंपैक्ट’ के संकल्प के साथ समाज में सकारात्मक एवं स्थायी बदलाव लाने की प्रतिबद्धता जतायी.
दो नये सदस्य रोटरी परिवार में शामिल
समारोह के दौरान गौतम भदानी एवं अजीत बर्मन को रोटरी परिवार की सदस्यता दिलायी गयी. मुख्य अतिथि योगेश गंभीर ने दोनों नये सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर स्वागत किया. कार्यक्रम की परियोजना निदेशक रोटेरियन ऋतु सेठ ने समारोह की तैयारियों और सजावट को आकर्षक रूप दिया. सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट सेवा कार्य एवं क्लब के प्रति उल्लेखनीय योगदान देने वाले रोटरी सदस्यों को सम्मानित भी किया गया.
समारोह के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष रोटेरियन नवीन कुमार आर्या एवं फर्स्ट लेडी रोटेरियन आरती आर्या ने मुख्य अतिथि पीडीजी योगेश गंभीर को शॉल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया.
मौके पर इनकी रही मौजूदगी
मौके पर रोटेरियन सुरेश जैन, सुरेश शेट्टी, जयकुमार गंगवाल, महेश दारूका, कैलाश चौधरी, पवन दारूका, गोपाल सर्राफ, कुमार पुजारा, रामरतन, महर्षि रामरतन, धर्मेंद्र प्रसाद, अजय अग्रवाल, प्रवीण बरनवाल, माला दारूका, ज्योति पुजारा, संतोष चौधरी, अंजना केडिया, संगीता शर्मा, मनीष पेड़ीवाल, मनीष गंगवाल, आशीष छाबड़ा, आशीष खेतान, गौरांग पुजारा, राहुल मोदी सहित बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य मौजूद थे. इनर व्हील क्लब की सदस्यों के अलावा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं समाज के गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ झुमरीतिलैया, 777 सीढ़ियों पर गूंजा हर-हर महादेव
