डोमचांच से सुनील की रिपोर्ट
कोडरमा जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश के कारण डोमचांच प्रखंड की पुरनाडीह पंचायत के रायडीह स्थित रानी तालाब का पानी ओवरफ्लो हो गया. पानी के तेज बहाव से रायडीह से मसमोहना को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का करीब आधा हिस्सा धंस गया है. इससे ग्रामीणों और किसानों में हादसे की आशंका बढ़ गयी है.
पुलिया जाम होने से सड़क पर बहा तालाब का पानी
ग्रामीणों के अनुसार, तालाब के पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे पहले से पुलिया बनी हुई थी, लेकिन देखरेख के अभाव में पुलिया पूरी तरह जाम हो गयी है. पानी निकासी बाधित होने के कारण तालाब का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा, जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा टूटकर बह गया. ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क से सैकड़ों ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और किसानों का रोजाना आवागमन होता है. सड़क धंसने के कारण लोगों को दूसरे रास्ते से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.
ग्रामीणों ने गार्डवाल व बड़ी पुलिया की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक-दो दिन और बारिश हुई तो पूरी सड़क बह सकती है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल धंसी सड़क के किनारे सुरक्षात्मक गार्डवाल का निर्माण कराने तथा जाम हो चुकी पुलिया की जगह बड़ी पुलिया बनाने की मांग की है, ताकि पानी की निकासी सुचारू हो सके और सड़क को और क्षतिग्रस्त होने से बचाया जा सके.
