मरकच्चो, कोडरमा : रक्षाबंधन के अवसर पर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पलाश एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रखंड कार्यालय परिसर में हस्तनिर्मित राखियों का स्टॉल लगाया. स्टॉल का उद्घाटन अंचल अधिकारी परमेश्वर कुशवाहा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम-जेएसएलपीएस) प्रकाश रंजन ने संयुक्त रूप से किया.
स्टॉल में स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न डिजाइन और आकर्षक रंगों वाली राखियां बिक्री के लिए उपलब्ध हैं. उद्घाटन के बाद प्रखंड कार्यालय की महिला कर्मियों ने उत्साहपूर्वक राखियों की खरीदारी की. उन्होंने राखियों की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और किफायती कीमत की सराहना की.
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बाजार
अधिकारियों ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी. इससे स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को भी प्रोत्साहन मिलेगा.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि रक्षाबंधन के अवसर पर दीदियों द्वारा तैयार स्वदेशी राखियों की खरीदारी करें और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास को प्रोत्साहित करें.
