झुमरीतिलैया,कोडरमा: रक्षाबंधन के अवसर पर श्री दिगंबर जैन विद्यालय में इंडिया पोस्ट, भारत सरकार के झुमरीतिलैया डाकघर के सहयोग से राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम से अष्टम तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आकर्षक राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया.
डाक विभाग की सेवाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम का आयोजन कोडरमा के डाक निरीक्षक विकास रंजन के दिशा-निर्देशन में किया गया. इस दौरान डाक विभाग के अमन कुमार ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गयी राखियों की सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों को इंडिया पोस्ट की विभिन्न सेवाओं और डाक विभाग की कार्यप्रणाली की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि डाक विभाग केवल पत्र पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के लिए कई महत्वपूर्ण सेवाएं भी उपलब्ध कराता है.
राखी प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक
विद्यालय के प्रबंधक नवीन जैन और प्राचार्य अभिषेक जैन ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी का संदेश भी देती है. उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में सृजनात्मकता के साथ सामाजिक सरोकार और संवेदनशीलता की भावना विकसित होती है.
सैनिकों को भेजी जाएंगी विद्यार्थियों की राखियां
विद्यालय की एकेडमिक हेड एकता जैन एवं सोनल जैन ने बताया कि विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गयी राखियां देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों को भेजी जाएंगी. प्रतियोगिता को सफल बनाने में चांदनी सिंह और सेजल सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा.
