सतगावां में प्रसूता की मौत, परिजनों का प्रदर्शन

रविवार को महिला ने दिया था बच्ची को जन्म

रविवार को प्रसव के बाद महिला ने दिया था बच्ची को जन्म सतगावां. बासोडीह पंचायत अंतर्गत मोदीडीह टोला की 22 वर्षीया नवविवाहिता प्रसूता की मौत इलाज के दौरान हो गयी. मृतका की पहचान मोदीडीह निवासी मोहम्मद हबीब की पुत्री तरन्नुम परवीन के रूप में हुई है. परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां के कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया. जानकारी के अनुसार, तरन्नुम परवीन की शादी मोहम्मद वाजिद से अप्रैल 2025 में बिहार शरीफ छजू मोहल्ला में हुई थी. वह अपने पहले प्रसव के लिए मायके आयी हुई थी. रविवार सुबह लगभग नौ बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे सीएचसी सतगावां में भर्ती कराया. रविवार को अपराह्न करीब तीन बजे उसने एक बच्ची को जन्म दिया. परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद लगातार रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो रहा था. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सों से बार-बार मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की गुहार लगायी, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने इसमें देरी की. रात 12 बजे तरन्नुम को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया. सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव के दौरान नस कट जाने के कारण खून नहीं रुक रहा है और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया. सोमवार को करीब 11:30 बजे शव के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और परिजन सीएचसी सतगावां पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. परिजनों का कहना था प्रसव कक्ष में तैनात नर्सों की लापरवाही के कारण यह जान गयी है. अस्पताल में महिला चिकित्सक की अनुपस्थिति इस तरह की घटनाओं का मुख्य कारण है. परिजनों ने मांग की कि संबंधित नर्सों को तत्काल बर्खास्त किया जाये, उचित मुआवजा दिया जाये और अस्पताल में स्थायी महिला डॉक्टर की नियुक्ति हो. विरोध की सूचना मिलते ही एसआई अरविंद कुमार, रौशन पासवान और बीडीओ ओमप्रकाश बड़ाइक मौके पर पहुंचे. बीडीओ श्री बड़ाइक ने परिजनों को समझाया. आश्वासन दिया कि परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ और बच्चे के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जायेगा. बीडीओ बड़ाइक व जिप प्रतिनिधि धनंजय यादव द्वारा समझाने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >