Koderma (जयनगर): एनजीटी की रोक के बावजूद धड़ल्ले से हो रहे अवैध बालू के कारोबार पर प्रशासन गुरुवार को सख्त हुआ. सीओ सारांश जैन और थाना प्रभारी विकास कुमार ने गुडगुडी बांसडीह के बीच स्थित बालू घाट पर छापामारी अभियान चला 7 ट्रैक्टर को जब्त किया. हालांकि, इस दौरान ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोडकर भाग निकले. उल्लेखनीय है कि प्रशासन को विभिन्न माध्यमों से लगातार सूचना मिल रही थी कि विभिन्न घाटों से रात के अंधेरे में बालू का अवैध खनन एवं परिवहन किया जा रहा है. इस रिपोर्ट को प्रभात खबर ने 16 जून के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था.
प्रभात खबर में प्रमुखता से छपी थी रिपोर्ट
प्रभात खबर में रिपोर्ट छपने के बाद प्रशासन हरकत में आया और यह बड़ी कार्रवाई की गयी. सीओ सारांश जैन की कार्रवाई के बाद इस कारोबार से जुड़े लोगों में हडकंप मच गया है. उन्होंने बताया कि जब्त सभी ट्रैक्टरों को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. सीओ श्री जैन ने बताया कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. किसी भी कीमत पर खनिज संपदाओं की लूट नहीं होने दी जाएगी.
ये भी पढ़ें…
कौन हैं कांग्रेस को पटखनी देने वाले परिमल नथवाणी? जानिए मुकेश अंबानी के ‘राइट हैंड’ की कहानी
कौन हैं बैजनाथ राम, जिन्होंने झारखंड से जीता राज्यसभा चुनाव?
