आईबी इनपुट पर कोडरमा में छापा, छह संदिग्ध हिरासत में

कोडरमा के सतगावां में पाकिस्तानी आतंकी का वीडियो शेयर कर युवाओं को भड़काने के आरोप में एक युवती समेत छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच जारी है।

कोडरमा: पाकिस्तानी आतंकी अजहर मसूद का वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा कर मुस्लिम युवाओं को भड़काने व देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के मामले में सोमवार को जांच एजेंसियों और कोडरमा पुलिस ने सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर में संयुक्त छापामारी की। इस दौरान एक युवती सहित छह लोगों को पकड़ा गया।

पकड़े गये लोगों में 22 वर्षीय अरशद महफूज, पिता जहांगीर आलम, 50 वर्षीय जहांगीर आलम, पिता स्वर्गीय जमाल, 45 वर्षीय मोहम्मद शहादत, पिता स्वर्गीय रहमत्त मियां, 20 वर्षीय मोहम्मद आसिफ, पिता स्व. शाहिद, 26 वर्षीय मोहम्मद शमशेर आलम उर्फ शाहिल, पिता मोहम्मद अमजद और 20 वर्षीय मुस्कान प्रवीण, पिता मो. जसीम शामिल हैं।

जांच एजेंसियां और कोडरमा पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही हैं। पूछताछ के दौरान इनके आतंकी कनेक्शन और अन्य पहलुओं को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरी कार्रवाई की पुष्टि कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने की है।

जानकारी के अनुसार इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) को पुख्ता इनपुट मिला था कि सतगावां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के कुछ युवा व अन्य लोग सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर लगातार सक्रिय हैं और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। इन लोगों ने आतंकी अजहर मसूद का वीडियो क्लिप भी साझा कर मुस्लिम युवाओं को भड़काने का प्रयास किया है।

आईबी के इनपुट के आधार पर विशेष टीम ने कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर माधोपुर गांव में छापामारी की। टीम ने पहले पांच लोगों को पकड़ा, जबकि इनसे हुई पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर युवती को सोमवार शाम पकड़ा गया।

तालिम देती है मुस्कान, जहांगीर बेचता है मुर्गा

बताया जाता है कि पकड़ी गई मुस्कान प्रवीण अपने समुदाय के बच्चों को तालीम देती है। इससे जांच एजेंसियां और कोडरमा पुलिस लंबी पूछताछ कर रही है। वहीं, पकड़ा गया शहादत हुसैन गांव में किराना दुकान चलाता है। एक अन्य आरोपी मो. जहांगीर अंसारी मुर्गा बेचता है। इसके अलावा मस्तान अंसारी इलेक्ट्रॉनिक दुकान चलाता है, जबकि अन्य युवा सोशल मीडिया पर सक्रिय थे।

कार्रवाई से गांव में हड़कंप

जांच एजेंसियों और कोडरमा पुलिस की इस कार्रवाई से माधोपुर समेत पूरे जिले में हड़कंप की स्थिति रही। प्रभात खबर की टीम जब गांव पहुंची तो मामले को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी देने को तैयार नहीं था। गांव में एक तरह से सन्नाटा पसरा हुआ था।

कुछ लोगों ने दबी जुबान से बताया कि जानकारी मिली है कि आरोपी मुस्लिम युवाओं को देश और अन्य धर्मों के खिलाफ भड़का रहे थे। इधर, जानकारी यह भी सामने आई है कि पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है, उनके सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर देश विरोधी और कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े पोस्ट मिले हैं।

लगातार देश विरोधी कट्टरपंथी पोस्ट किये जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय हुईं। इस मामले में माधोपुर के साथ ही अंगार में भी पुलिस द्वारा छापामारी किये जाने की सूचना है।

कोडरमा से पहले भी जुड़ चुका है आतंकी कनेक्शन

बता दें कि कोडरमा का पहले भी आतंकी कनेक्शन जुड़ चुका है। गत माह गुजरात एटीएस ने झुमरीतिलैया के असनाबाद की शमा प्रवीण को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। उस पर अलकायदा एक्यूआईएस के आतंकी मॉड्यूल की सरगना होने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भड़काने का आरोप लगा था।

कोडरमा एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा- जांच एजेंसियों के इनपुट के आधार पर माधोपुर गांव में छापामारी की गयी है। कुछ लोगों को पकड़ा गया है। इन सभी से पूछताछ की जा रही है। देश विरोधी गतिविधियों में जिनकी भी संलिप्तता होगी, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी से विस्तृत पूछताछ के बाद मंगलवार को पूरे मामले में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी जाएगी।


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >