कोडरमा : पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल होगी. हड़ताल के दौरान झुमरीतिलैया समेत जिले की सभी बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रहेगा. बैंक अधिकारी और कर्मचारी शाखाओं के बाहर हड़ताल पर बैठकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करेंगे. इसके बाद तिलैया समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर बैंककर्मियों की ओर से रैली भी निकाली जायेगी.
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समेत कई मांगें
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करना, सभी संवर्गों में समान लाभ आधारित प्रोत्साहन और राइट-टू-डिस्कनेक्ट लागू करना शामिल है. बैंक कर्मियों का कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में भी रिजर्व बैंक और बीमा क्षेत्र की तरह पांच दिन कार्य और दो दिन साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था होनी चाहिए.
वर्तमान में महीने के पहले और तीसरे शनिवार को बैंक खुले रहते हैं, जबकि दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है. बैंककर्मी लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहे हैं.
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित
यूएफबीयू की ओर से 11 सितंबर की हड़ताल के बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित की गयी है.
