कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय में हिंदी साहित्य के अमर कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती मनायी गयी. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मुंशी प्रेमचंद के जीवन, साहित्य एवं मानवीय मूल्यों से परिचित कराना तथा उनमें पठन-पाठन एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करना था.
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा मुंशी प्रेमचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया. इसके पश्चात विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामय वातावरण प्रदान किया. विद्यालय की शिक्षिका हेमा राजपूत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि मुंशी प्रेमचंद केवल एक साहित्यकार नहीं, बल्कि समाज के सजग चिंतक थे.
छात्र सागर ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति में स्वयं मुंशी प्रेमचंद की भूमिका निभाकर सभी का मन मोह लिया. छात्रा सुप्रिया रानी ने मुंशी प्रेमचंद के जीवन एवं साहित्य पर आधारित प्रश्नोत्तरी का संचालन कियाय प्रश्नोत्तरी में कुमारी भारती एवं अन्य विद्यार्थियों ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किया.
वहीं छात्रा मनसा कुमारी ने मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘मंत्र’ का भावपूर्ण वाचन एवं प्रस्तुतीकरण कर उपस्थित सभी लोगों की सराहना प्राप्त की. विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता एवं प्राचार्या अंजना कुमारी ने संयुक्त संदेश में कहा कि मुंशी प्रेमचंद का साहित्य भारतीय समाज की आत्मा का सजीव चित्रण है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमरेश कुमार, हेमा राजपूत, शालिनी सिन्हा, बॉबी आनंद सहित विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा. संचालन छात्रा विदुषी कुमारी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन अमरेश कुमार ने किया.
