कोडरमा: मेरिडियन अकादमी में शनिवार को सीसीए के अंतर्गत चारों सदनों के बीच देशभक्ति गीतों पर आधारित अंतरसदनीय नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ. सीसीए इंचार्ज राजकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आकर्षक, ऊर्जावान और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया. रंग-बिरंगी वेशभूषा, उत्कृष्ट तालमेल और मंचीय आत्मविश्वास ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया.
प्रस्तुतियों में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, भारतीय सैनिकों के साहस, राष्ट्रीय एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रभावी चित्रण किया गया. दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया.
प्राचार्य उत्तम कुमार लाहा ने कहा कि सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा इनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है. उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह से भाग लेने के लिए प्रेरित किया. अंत में विजेता सदनों को सम्मानित किया गया.
