विवाहिता का शव कुआं से बरामद, हत्या का आरोप

सतगावां थाना क्षेत्र के रजघटी के शेखवा टोला की घटना

: सतगावां थाना क्षेत्र के रजघटी के शेखवा टोला की घटना सतगावां. बासोडीह पंचायत स्थित रजघटी गांव के शेखवा टोला में सोमवार को एक कुआं से विवाहिता का शव बरामद हुआ. मृतका की पहचान 28 वर्षीया नूरजहां खातून (पति मो मुर्तजा अंसारी) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही एसआई कार्तिक सिंह मुंडा, बलराम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका की मां गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत लहंगिया टांड निवासी कुरैशा खातून ने अपनी पुत्री की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि नूरजहां की शादी आठ वर्ष पूर्व रजघटी निवासी मोहम्मद मुर्तजा अंसारी के साथ हुई थी. नूरजहां मुर्तजा की दूसरी पत्नी थी. परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले अक्सर नूरजहां के साथ मारपीट करते थे. साथ ही बाइक की मांग कर रहे थे. इस विवाद को सुलझाने के लिए पूर्व में कई बार सामाजिक समझौता भी हुआ था. मृतका की मां के अनुसार, ससुराल वालों ने फोन कर कहा कि नूरजहां रविवार शाम पांच बजे से गायब है, जबकि रात करीब 7:30 बजे उसने अपनी बड़ी बहन से लगभग 20 मिनट तक फोन पर बात की थी. मां का आरोप है कि पुत्री की हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया. मृतका की मां ने ससुराल वालों पर नतिनी से नहीं मिलने देने का भी आरोप लगाया, नूरजहां की मौत के बाद उसकी चार वर्षीया बेटी के सिर से मां का साया उठ गया है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार है. परिजनों ने थाने में आवेदन देने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >