झुमरीतिलैया: बाबा श्याम की भक्ति में डूबेगा शहर, मंदिरों में होंगे विशेष आयोजन

झुमरीतिलैया शहर अगले दो दिनों तक बाबा श्याम की भक्ति में डूबा रहेगा. यहां निशान यात्रा, ताली कीर्तन, ज्योत और भजन-कीर्तन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. युवा भी इन आयोजनों से जुड़ रहे हैं.

झुमरीतिलैया. बाबा श्याम की भक्ति में झुमरीतिलैया शहर अगले दो दिनों तक डूबा रहेगा. ग्यारस और बारस पर शहर के श्याम मंदिरों में निशान यात्रा, ताली कीर्तन, ज्योत और भजन-कीर्तन सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. श्याम शरण बारस ताली कीर्तन से जुड़े यश दहिमा और अनुराग हिसारिया ने बताया कि बारस ताली कीर्तन अब दूसरे महीने में प्रवेश कर चुका है.

शहर के दोनों श्याम मंदिरों में प्रत्येक माह एक-एक ताली कीर्तन शुरू किया गया है. वर्तमान में इसमें करीब 20 से 25 युवा श्याम प्रेमी भाग ले रहे हैं. आयोजकों के अनुसार आनेवाले दिनों में अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़कर गीत-संगीत और भक्ति भजनों के माध्यम से उन्हें एक नया मंच देने की योजना है.

ताली कीर्तन का सीधा प्रसारण श्याम शरण... भक्ति यूट्यूब चैनल पर भी किया जायेगा. इधर, एकादशी के लिए सोमवार को कोडरमा जंक्शन से सियालदह-अजमेर और हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस से कई श्याम प्रेमी खाटू धाम के लिए रवाना हुए. वहीं मंगलवार की सुबह महिला श्याम मंडल की ओर से झंडा चौक स्थित श्याम मंदिर से निशान यात्रा निकाली जायेगी. यात्रा स्टेशन रोड, अड्डी बंगला होते हुए पोद्दार निवास स्थित श्याम मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु बाबा श्याम को निशान अर्पण करेंगे.

वहीं पानी टंकी रोड स्थित श्याम मंदिर में ताली कीर्तन का आयोजन होगा. इस दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया जायेगा. इसके अगले दिन 23 सितंबर की सुबह श्याम मंदिर में बारस की ज्योत आयोजित होगी, जिसमें श्रद्धालु बाबा श्याम की ज्योत के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे.

इसको लेकर महाराणा प्रताप चौक स्थित संकट मोचन मंदिर में श्याम मित्र मंडल की ओर से एकादशी और मंगलवार के अवसर पर 1174वां साप्ताहिक श्याम कीर्तन आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रमों को लेकर श्याम मंदिरों और आयोजन स्थलों को सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं में भक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh

राजेश सिंह, जयनगर वर्ष 2000 से प्रभात खबर से जुड़ कर काम कर रहे हैं. आंचलिक पत्रकारिता का करीब 26 वर्षों का लंबा अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >