सराहनीय. अब कोडरमा में ही आधुनिक मशीन से कई सर्जरी की सुविधा कोडरमा बाजार. सदर अस्पताल में सोमवार को विधायक डॉ नीरा यादव और उपायुक्त ऋतुराज ने अल्ट्रासाउंड केंद्र और लैप्रोस्कोपिक मशीन का उदघाटन किया. मौके पर विधायक ने कहा कि सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड केंद्र की सुविधा शुरू होने से मरीजों को काफी लाभ होगा. अब उन्हें अल्ट्रासाउंड जांच के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. साथ ही लैप्रोस्कोपिक की सुविधा बहाल होने से अब सदर अस्पताल में ही आधुनिक मशीन से ही विभिन्न प्रकार की जरूरी सर्जरी की जायेगी. डीसी ऋतुराज ने कहा कि जिलेवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं. सदर अस्पताल में चिकित्सा से संबंधित बेहतर सुविधाओं में निरंतर वृद्धि की जा रही है. उन्होंने कहा कि अब अल्ट्रासाउंड केंद्र और लैप्रोस्कोपिक की सुविधा बहाल होने से अस्पताल आने वाले मरीजों को काफी लाभ होगा. सदर अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं की वृद्धि करने के साथ-साथ नियमित रूप से मॉनिटरिंग भी की जा रही है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा महिला मरीजों को आयुष्मान किट प्रदान किया गया. साथ ही नवजात शिशुओं का जन्म प्रमाण पत्र भी वितरित किया गया. मौके पर सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, डोमचांच प्रमुख सत्यनारायण यादव, डीएस डॉ रंजीत कुमार, जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार, डॉ कुलदीप कुमार, डीपीएम महेश कुमार आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
