झुमरीतिलैया, कोडरमा : राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संगीत प्रतिभा की पहचान बनाने वाले युवा कलाकार कृष्णा जायसवाल गायन, वादन, मंचीय प्रस्तुति और संगीत शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे हैं. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बावजूद उन्होंने संगीत के प्रति अपने जुनून को जीवन का उद्देश्य बनाया और इसी राह पर मेहनत करते हुए कई उपलब्धियां हासिल की हैं.
कृष्णा ने दुर्गापुर स्थित बंगाल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की. हालांकि उनका शैक्षणिक क्षेत्र इंजीनियरिंग रहा, लेकिन बचपन से ही संगीत के प्रति उनका गहरा लगाव रहा. उन्होंने प्रसिद्ध बंगाली पार्श्व गायक और जी बांग्ला सारेगामापा के उपविजेता रहे गुरुजीत सर से गायन का प्रशिक्षण लिया. कॉलेज के दिनों में दुर्गापुर में उन्होंने गिटार सीखना शुरू किया. इसके बाद अपने संगीत बैंड के साथ विभिन्न कार्यक्रमों और संगीत समारोहों में लाइव प्रस्तुति देने लगे.
‘स्टार ऑफ कोडरमा’ का खिताब जीता
संगीत के प्रति मेहनत और समर्पण का परिणाम कृष्णा को अलग-अलग मंचों पर मिला. उन्होंने ‘स्टार ऑफ कोडरमा’ का खिताब अपने नाम किया. इसके अलावा आईआईटी धनबाद की ओर से आयोजित गायन प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
ग्रेजुएशन के बाद संगीत के क्षेत्र में पेशेवर अनुभव हासिल करने के उद्देश्य से वे दिल्ली चले गये. नौकरी के साथ उन्होंने हौज खास और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न कैफे तथा लाइव संगीत स्थलों पर नियमित रूप से प्रस्तुति दी. इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें अलग-अलग दर्शकों के सामने अपनी कला प्रस्तुत करने और पेशेवर कलाकार के रूप में खुद को निखारने का अवसर मिला.
कई रियलिटी शो के ऑडिशन में मिली सफलता
कृष्णा ने देश के प्रतिष्ठित संगीत रियलिटी शो के ऑडिशन में भी हिस्सा लिया. उन्होंने ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ में दो राउंड, ‘इंडियन आइडल’ में एक राउंड और ‘सारेगामापा’ में एक राउंड सफलतापूर्वक पार किया.
इसके अलावा ‘इंडिया टैलेंट फाइट सीजन-7’ में उनका चयन हुआ, जहां उन्होंने शीर्ष 50 प्रतिभागियों में जगह बनाई. इस प्रतियोगिता में देशभर से दो लाख से अधिक प्रतिभागियों ने ऑडिशन दिया था. इनमें से करीब एक हजार प्रतिभागियों का चयन हुआ, जिसके बाद कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच कृष्णा शीर्ष 50 तक पहुंचने में सफल रहे. अब वे प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का इंतजार कर रहे हैं. प्रतियोगिता का प्रसारण एंड टीवी पर होना है और इसके निर्णायकों में अनु मलिक भी शामिल हैं.
संगीत शिक्षा के साथ लाइव शो भी
दिल्ली में रहते हुए कृष्णा ने अपना म्यूजिक इंस्टीट्यूट भी शुरू किया, जिसका उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष तक संचालन किया. संगीत शिक्षा के साथ वे शादी, जन्मदिन, सालगिरह, कॉर्पोरेट कार्यक्रम, सामाजिक समारोह और अन्य अवसरों पर लाइव म्यूजिक शो भी करते हैं.
हाल ही में कृष्णा ने ‘हर घर टैलेंट’ के ऑडिशन में भी हिस्सा लिया, जहां उनका चयन हुआ. इस प्रतियोगिता में इंडियन आइडल की गायिका मयूरी साहा प्रमुख निर्णायकों में शामिल हैं.
