प्रेम नगर में मामूली विवाद के बाद अनीश के साथ मारपीट की गयी थी मरकच्चो . थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में शुक्रवार की रात मामूली विवाद के बाद हुई मारपीट में अनीश की मौत के मामले में परिजनों ने रविवार सुबह मरकच्चो स्थित कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की पहल पर करीब 10 मिनट में ही जाम हटा लिया गया. परिजनों की मांग थी कि मामले में नामजद आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाये. वहीं, दोपहर में अनीश के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इससे पूर्व शनिवार देर शाम जब उसका शव घर पहुंचा, तो ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त रहा. ज्ञात हो कि शुक्रवार रात मामूली विवाद के बाद कुछ युवक अनीश के घर पहुंचे और उसकी जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था. हालत बिगड़ने पर परिजन शनिवार सुबह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरकच्चो ले गये, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मामले में मृतक की मां के फर्द बयान पर गांव के ही आधा दर्जन युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है.
गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग जाम
प्रेम नगर में मामूली विवाद के बाद अनीश के साथ मारपीट की गयी थी
