कोडरमा से विकास कुमार की रिपोर्ट
Koderma Crime News, कोडरमा : कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रही दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है. इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की कुल संख्या अब 7 हो गई है.
बुधवार को छापेमारी कर दबोची गईं दो महिला आरोपी
राजकुमार यादव की हत्या के बाद से ही इलाके के लोग अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार पुलिस पर दबाव बना रहे थे और इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया था. इसके बाद कोडरमा थाना पुलिस ने बुधवार को विशेष छापेमारी अभियान चलाया और कांड में संलिप्त दो महिला आरोपियों को उनके घर से दबोच लिया. गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनी देवी (30 वर्ष), पति – रामदेव यादव चितरपुर निवासी के रूप में हुई है. दूसरी महिला शख्स चितरपुर की ही रहने वाली यशोदा देवी उर्फ गीता देवी (42 वर्ष) पति – राजू यादव के रूप में हुई है.
क्या था पूरा मामला?
यह खौफनाक वारदात 3 जून 2026 की रात करीब 9:30 बजे चितरपुर गांव में हुई थी. जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से विधायक के ड्राइवर राजकुमार यादव पर फरसा और चपड़ा (कुदाल) से जानलेवा हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई. इस हिंसक झड़प में राजकुमार को बचाने आए उनके पिता दशरथ यादव, मां और बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घटना के बाद मृतक की पत्नी श्वेता देवी के लिखित आवेदन पर कोडरमा थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही 5 मुख्य आरोपियों को जेल भेज दिया था.
बाकी 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी
कोडरमा थाना पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में कुल मिलाकर अभी भी 5 आरोपी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. इस सफल छापेमारी दल में कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान, अवर निरीक्षक धनेश्वर कुमार, विशाल सिंह, और सहायक अवर निरीक्षक शशि प्रभा सिन्हा समेत अन्य पुलिस बल शामिल थे.
