कोडरमा: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के संरक्षक सदस्य सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को विधायक डॉ नीरा यादव को ज्ञापन सौंपा. विधायक को सौंपे गये ज्ञापन में जेजे कॉलेज समेत जिले के सभी कॉलेजों को विनोबाभावे विश्वविद्यालय हजारीबाग से सर जेसी बोस विश्वविद्यालय गिरिडीह भेजने के सरकार के फैसले के खिलाफ विधानसभा में मामला उठाने तथा राज्य सरकार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया.
विधायक को ज्ञापन सौंपने के बाद समिति की बैठक हुई, जिसमे आगामी चरण के आंदोलनों पर निर्णय लेते हुए नौ अगस्त को कोडरमा प्रखंड परिसर में सर्वदलीय आम बैठक आयोजित करने तथा शाम को मशाल जुलूस निकालने का निर्णय लिया गया. मांगे पूरी नहीं होने पर 10 अगस्त से जिले के छात्र छात्राएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने तथा जेजे कॉलेज में तालाबंदी करने का निर्णय लिया गया.
मौके पर समिति के अध्यक्ष महेश भारती, सचिव देवेन्द्र कुमार, तौफीक हुसैन, मो अली शाद, सुरेंद्र भाई मोदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक, राजद के विजय यादव, महेंद्र शर्मा, महादेव दास, अभिभावक संघ के अध्यक्ष संजय साजन, विजय पंडित आदि मौजूद थे.
