कोडरमा : मॉडर्न पब्लिक स्कूल एवं मॉडर्न किड्स पैराडाइज में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर माताओं के लिए भव्य जन्माष्टमी उत्सव का आयोजन किया गया. भक्ति, प्रेम और उल्लास से सराबोर कार्यक्रम में पीजी से कक्षा तृतीय तक के बच्चों की माताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई. संचालन शर्विका ठाकुर और हंसिका माहेश्वरी ने किया.
रैंप वॉक में सुहानी और शानवी ने मारी बाजी
कार्यक्रम के दौरान मटका डेकोरेशन, दही-हांडी डेकोरेशन, कृष्ण झूला डेकोरेशन, कृष्ण मुकुट डेकोरेशन, माताओं और नन्हीं राधा-कृष्ण की रैंप वॉक तथा गरबा नृत्य जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं.
रैंप वॉक में सुहानी पहाड़ी और उनकी बेटी शानवी पहाड़ी ने मनमोहक प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया. मटका डेकोरेशन प्रतियोगिता में रिया कुमारी और उनकी बेटी आध्या कुमारी की कलात्मकता को सर्वश्रेष्ठ माना गया. वहीं कृष्ण झूला डेकोरेशन में पूजा कुमारी और उनकी बेटी संस्कृति कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया. सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया.
बच्चों को भारतीय संस्कारों से जोड़ना उद्देश्य
विद्यालय की निदेशिका संगीता शर्मा ने कहा कि जन्माष्टमी भारतीय संस्कृति का ऐसा पर्व है, जो प्रेम, त्याग और ममता का संदेश देता है. माताओं ने जिस समर्पण और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया, वह प्रशंसनीय है.
प्रधानाचार्य गुरुचरण वर्मा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों से जोड़ना है. जन्माष्टमी का यह आयोजन माता और संतान के पवित्र बंधन को और मजबूत करने का प्रयास है. उन्होंने सभी प्रतिभागी माताओं, विजेताओं और बच्चों को शुभकामनाएं दीं.
