प्रतिनिधि झुमरीतिलैया
जेएसएससी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री जगन्नाथ महाप्रभु की प्रस्तावित रथयात्रा की तिथि में बदलाव किया गया है. इस्कॉन हज़ारीबाग–कोडरमा के समन्वयक डॉ. केशव आनंद दास व वीरभद्र दास ने शुक्रवार को बताया कि पहले यह रथयात्रा 19 जुलाई को आयोजित होनी थी, लेकिन उसी दिन जेएसएससी की परीक्षा होने के कारण अब इसका आयोजन 20 जुलाई को किया जाएगा. उन्होंने बताया कि परीक्षा के दिन शहर में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी. परीक्षार्थियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसी उद्देश्य से रथयात्रा की तिथि बदलने का निर्णय लिया गया है.
नई तिथि के अनुसार श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा 20 जुलाई को अपराह्न तीन बजे सुभाष चौक से प्रारंभ होगी. रथयात्रा झंडा चौक एवं महाराणा प्रताप चौक होते हुए मौसीबाड़ी स्थित संकट मोचन मंदिर पहुंचेगी. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दर्शन का अवसर मिलेगा. पूरे मार्ग में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा. इस्कॉन हज़ारीबाग–कोडरमा ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों के साथ अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने की अपील की है. साथ ही आयोजन की सफलता के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग देने का भी आग्रह किया गया है.
