लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश कुमार के नेतृत्व में भारतीय सेना ने माउंट कुन किया फतह

भारतीय सेना के 28 सदस्यीय दल ने लद्दाख की 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कोडरमा: सैनिक स्कूल तिलैया के पूर्व छात्र और बोकारो जिले के फुसरो निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश कुमार (सेना मेडल) के नेतृत्व में भारतीय सेना के 28 सदस्यीय पर्वतारोहण दल लद्दाख की जांस्कर पर्वतमाला स्थित 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर तिरंगा फहराकर नया कीर्तिमान स्थापित किया.

सेना के दल ने 17 जुलाई की सुबह 8:20 बजे यह कीर्तिमान स्थापित किया. अभियान भारतीय सेना के प्री-एवरेस्ट मैसिफ अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट, माउंट ल्होत्से और माउंट नुप्त्से अभियान की तैयारी करना है. अभियान दल 5 जून 2026 को नयी दिल्ली से रवाना हुआ था.

जुलाई के पहले सप्ताह में दल ने प्रतिकूल मौसम, भारी बर्फबारी और कठिन शाफत ग्लेशियर को पार करते हुए 4,500 मीटर की ऊंचाई पर बेस कैंप स्थापित किया. खराब मौसम के कारण अभियान की योजना में कई बार बदलाव करना पड़ा.

5 से 15 जुलाई के बीच टीम ने 5,300 मीटर, 6,150 मीटर और 6,350 मीटर की ऊंचाई पर तीन हाई कैंप स्थापित किये तथा लगभग 2,000 मीटर लंबी फिक्स्ड रोप लगायी. अंतिम शिखर अभियान 16 जुलाई की रात 11:30 बजे शुरू हुआ. दल ने बर्फीली दीवारों, संकरी धार और कठिन समिट रिज को पार करते हुए करीब 2,400 मीटर तक अतिरिक्त रस्सियां फिक्स कीं.

माउंट सतोपंथ में भी अभियान चलायेगा दल

अगस्त-सितंबर में यह दल उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय स्थित 7,075 मीटर ऊंचे माउंट सतोपंथ पर अभियान चलायेगा, जो वर्ष 2027 के एवरेस्ट मैसिफ मिशन की अंतिम तैयारी होगी. अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल जय प्रकाश कुमार वर्ष 2005 से भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं.

वे अब तक भारत और विदेशों में 55 से अधिक पर्वत चोटियों पर सफल आरोहण कर चुके हैं. वर्ष 2019 में उन्होंने माउंट एवरेस्ट और 2024 में माउंट किलिमंजारो पर भी सफल चढ़ाई की थी. वर्ष 2027 में होने वाले भारतीय सेना के एवरेस्ट मैसिफ मिशन का नेतृत्व भी वही करेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >