कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी घाटी के समीप शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में खड़ी ट्रक से टकराने के बाद चालक और उपचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दोनों मृतक आपस में चचेरे भाई थे बताया जा रहा है कि हादसे के समय दोनों ट्रक के केबिन में बैठे बातचीत कर रहे थे.
मृतकों की पहचान बिहार के नवादा जिले निवासी साधु (43 वर्ष) यादव, पिता- स्व. लखन यादव और छोटू कुमार (24 वर्ष) पिता- कारू यादव के रूप में हुई है. दोनों ट्रक चालक और उपचालक के रूप में कार्यरत थे. जानकारी के अनुसार दोनों अपनी ट्रक को रांची-पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी घाटी के समीप सड़क किनारे खड़ा कर ट्रक के अंदर बैठे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार गिट्टी लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खड़ी ट्रक से जा टकराया.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के केबिन में बैठे दोनों चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जबकि गिट्टी लदे ट्रक का केबिन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को ट्रक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया.
