झुमरीतिलैया, कोडरमा : ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन, झुमरीतिलैया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-एक के तत्वावधान में सात दिवसीय विशेष शिविर शुरू हुआ. शिविर के पहले दिन प्रथम सत्र की शुरुआत एनएसएस के लक्ष्य गीत और स्वयंसेविका पूजा कुमारी द्वारा स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराने से हुई.
इसके बाद स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय द्वारा गोद लिये गये गांव इंदरवाटांड़ में पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली. इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.
स्वयंसेवकों को समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश
शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवक आयुष कुमार ने स्वागत भाषण दिया. इसके बाद मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी, सहायक प्राध्यापकों एवं स्वयंसेवकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की.
प्राचार्य डॉ मोहित कुमार तिवारी ने कहा कि सभी स्वयंसेवक मिलकर समाज का निर्माण करते हैं. समाज के माध्यम से ही विद्यालय एवं महाविद्यालय की स्थापना और उनका सफल संचालन संभव होता है.
मौके पर जिला नोडल पदाधिकारी सौरभ शर्मा, स्वयंसेवक अंकित चंद्रा, मनोरंजन पांडेय, डीएलएड विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, सहायक प्राध्यापिका विनीता कुमारी सहित सभी प्राध्यापक एवं स्वयंसेवक मौजूद थे.
