झुमरीतिलैया कोडरमाः बिहार के मुख्यमंत्री की सस्ते में हेलीकॉप्टर से भ्रमण योजना के नाम पर लाखों रुपये की ठगी मामले में पटना साइबर पुलिस ने कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में छापामारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पटना साइबर पुलिस ने सोमवार की रात और मंगलवार को तिलैया थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर छापामारी की. इस दौरान न्यू कॉलोनी भादोडीह स्थित एक मकान से एक आरोपी को पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्ना पासवान पिता विनोद पासवान, निवासी कतरीसराय बरीद, जिला नालंदा, बिहार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार बिहार के मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों के लिए सस्ते में हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी. इस योजना को 15 जुलाई से शुरू करने की बात कही गई थी. इससे पहले ही साइबर अपराधियों के गिरोह ने योजना के नाम पर फर्जी वेबसाइट तैयार कर ली और लोगों को कम पैसे में हेलीकॉप्टर से भ्रमण कराने का झांसा देकर बड़ी रकम की ठगी कर ली.
मामला सामने आने के बाद साइबर थाना पटना में प्राथमिकी दर्ज की गई. इसी मामले में आरोपी मुन्ना पासवान की तलाश में पटना साइबर थाना की टीम तिलैया पहुंची. पुलिस ने सोमवार रात और मंगलवार को अलग-अलग जगहों पर छापामारी की. इस दौरान आरोपी का मोबाइल लोकेशन बदलता रहा, जिससे पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. मंगलवार दोपहर पुलिस टीम ने उसे भादोडीह स्थित किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस आरोपी को अपने साथ पटना ले गई है. टीम में शामिल एक पदाधिकारी के अनुसार आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. उसके मोबाइल और लैपटॉप की जांच के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सकती है. पुलिस के अनुसार यह गिरोह काफी शातिर तरीके से ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था. गिरोह ने बिहार और झारखंड में बैठकर तमिलनाडु तक के लोगों को ठगी का शिकार बनाया है.
