झुमरीतिलैया : कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में निशान महिला मंडल की ओर से 57वीं निशान यात्रा भक्तिभाव के साथ निकाली गयी. दुर्गा कांप्लेक्स, झंडा चौक से शुरू हुई यात्रा स्टेशन रोड, अड्डी बंगला होती हुई भालोटिया मोहल्ला स्थित पोद्दार निवास श्याम मंदिर पहुंची.
यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से श्याम बाबा को निशान अर्पित किया. निशान की पूजा-अर्चना नैंसी वर्मा ने करायी. यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर श्याम बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्ति गीतों पर झूमते रहे.
भजनों की गूंज से भक्तिमय हुआ पूरा माहौल
पूरे मार्ग में जलती रहे खाटू वाले जोत तेरी जलती रहे, मेरी गाड़ी, मेरा बंगला, मेरा पैसा सब तेरा और दिलदार कन्हैया ने मुझको अपनाया है जैसे भजनों की गूंज सुनाई देती रही.
श्याम भक्ति में सराबोर हुआ क्षेत्र
श्रद्धालुओं ने निशान को ऊंचा रखकर श्याम बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की. यात्रा में कृतिका मोदी, मुरली शर्मा, पूजा शर्मा, सारिका केडिया, अंजना केडिया, शालिनी सेट, रेखा केसरी, जूही, अंजू देवी सहित महिला मंडल की सदस्य शामिल थीं. इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु श्याम भक्ति में सराबोर नजर आये.
ये भी पढ़ें: अंतिम सोमवारी पर शिवमय होगा झुमरीतिलैया-कोडरमा, 1.5 लाख कांवरियों की उम्मीद; बाइक रैली से जागरूकता
