पैतृक जमीन को लेकर रिश्तेदारों से चल रहा था विवाद डोमचांच. थाना क्षेत्र के जानपुर में सोमवार को एक युवक का शव गांव स्थित कुआं से बरामद हुआ. मृतक की पहचान 40 वर्षीय पंकज चौधरी (पिता अर्जुन चौधरी) के रूप में हुई है. मृतक की पत्नी ने जमीन विवाद में हत्या का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार, पंकज गांव व आसपास मजदूरी का काम करता था और झोपड़ी नुमा घर में अपने परिवार के साथ रहता था. झोपड़ी से मात्र कुछ फीट दूर स्थित कुआं से उसका शव बरामद हुआ. उसकी पत्नी रिंकी देवी ने बताया कि जमीन विवाद के चलते मेरे पति की हत्या की गयी है. पत्नी के अनुसार, सुबह चार बजे जब मैं सोकर उठी, तो पति नहीं दिखे. काफी खोजबीन की, लेकिन नहीं मिले. बाद में इसकी सूचना मुखिया मंसूर अली और गांव वालों को दी. काफी खोजबीन के बाद झोपड़ी के समीप एक कुआं से शव बरामद किया गया. शव पर चोट के निशान थे. मृतक के दो छोटे- छोटे बच्चे हैं. सूचना पर डोमचांच पुलिस मौके पर पहुंची मामले की जानकारी ली. शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा कि मामला हत्या का है या कुछ और मामला है. थाना प्रभारी के अनुसार, घटना को लेकर सोमवार देर शाम तक कोई आवेदन नहीं दिया गया था. आरोपियों ने की थी मारपीट : रिंकी देवी ने आरोप लगाया कि मेरे पति के साथ हमेशा गोतिया लोग मारपीट करते थे. तीन दिन पहले मेरे पति को जमीन विवाद को लेकर धमकी दी गयी थी. पति के साथ सुनील चौधरी, जीतन पासी और चचेरी गोतनी आदि ने मारपीट की थी. इन्हीं लोगों ने अन्य के साथ मिलकर पति की हत्या कर कुआं में फेंक दिया है. घटना को लेकर थाना में आवेदन देने की तैयारी चल रही थी. इधर, ग्रामीणों ने बताया कि 25 वर्ष पूर्व पंकज के पिता अर्जुन चौधरी का निधन हो गया था. इसके बाद पंकज की मां उसे अपने साथ लेकर रजौली (बिहार) अपने मायके चली गयी थी. इसके बाद वे लोग वहीं रहने लगे. छह माह पूर्व पंकज की मां का निधन हो गया. इसके बाद वह अपनी पत्नी व दो बच्चों को लेकर वापस जानपुर गांव में रहने आ गया था. उसके गांव आने के बाद से ही उसके रिश्तेदार (हिस्सेदार) से पंकज का विवाद शुरू हो गया और यह लंबे समय से चल रहा था. वे लोग पंकज को उक्त स्थल पर मकान बनाने का भी लगातार विरोध करते आ रहे थे, जिसके कारण मजबूरी में झोपडीनुमा घर में रह रहा था.
जानपुर में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
पैतृक जमीन को लेकर रिश्तेदारों से चल रहा था विवाद
