कोडरमा : पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, कोडरमा में विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न पर्यावरण आधारित पाठ्यसहगामी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण, पुनर्चक्रण और हरित सोच से जुड़े अपने नवाचार एवं सृजनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की शुरुआत जूनियर वर्ग की "वंडर फ्रॉम वेस्ट " प्रतियोगिता से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से आकर्षक एवं उपयोगी सामग्री तैयार कर पुनर्चक्रण और संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया. प्रतियोगिता में अहान हुसैन, संपूर्ण राजपूत, हंषित तिवारी, वेद नारायण एवं सानिया सोनी प्रथम, उमिका शांभवी, अपर्णा कुमारी एवं शिवांश सिन्हा द्वितीय तथा तान्या रंजन एवं बक्शी अरहम अली तृतीय स्थान पर रहे. कक्षा तृतीय से पंचम के विद्यार्थियों के बीच आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने वृक्ष, पृथ्वी और प्रकृति से जुड़े पात्रों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया.
इसमें अनाया तहरीन ने प्रथम, सिंघम कुमार ने द्वितीय और रूही रंजन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. कक्षा षष्ठ से अष्टम के विद्यार्थियों के लिए आयोजित "ट्री बायोग्राफी " प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विभिन्न वृक्षों एवं पौधों के महत्व और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया. रामकृष्ण सदन की नंदिनी एवं समूह प्रथम, विवेकानंद सदन की जाइना परवीन एवं समूह द्वितीय तथा राजा राममोहन राय सदन की प्रत्यूषा एवं समूह तृतीय स्थान पर रहे. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कक्षा नवमी के विद्यार्थियों के बीच आयोजित"जंक टू जंगल " प्रतियोगिता रही. इस प्रतियोगिता में रानी एवं समूह प्रथम, लक्ष्मी कुमारी एवं समूह द्वितीय तथा नैतिक रंजन एवं समूह तृतीय स्थान हासिल किया. प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, पर्यावरणीय संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं.
