कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में विद्यार्थियों की भाषायी दक्षता, आत्मविश्वास और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्यसहगामी गतिविधियों के तहत पिक्चर टॉक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों ने चित्रों के आधार पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर अपनी कल्पनाशीलता और भाषा कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने चित्रों का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए आत्मविश्वास के साथ अपने विचार प्रस्तुत किये। निर्णायक मंडल ने अभिव्यक्ति, भाषा-शैली, विषय की समझ, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में अजितेश सिंह अव्यान, संपूर्ण राजपूत और शान्या सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इशिका रानी, वेद नारायण, इशान्वी सिंह, युग कुमार और अन्या माही द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि कृष्णा गुप्ता, अंशिका माही और बक्शी अरहम अली ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि पिक्चर टॉक जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मक चिंतन, तार्किक दृष्टिकोण, प्रभावी संप्रेषण कौशल और मंच पर निर्भीक होकर अपने विचार रखने की क्षमता विकसित करती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
