कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल गुमो सतपुलिया में रक्षाबंधन उत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पंचम तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया. इस दौरान बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से रक्षाबंधन के महत्व और भाई-बहन के प्रेम के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
कार्यक्रम के तहत राखी निर्माण गतिविधि आयोजित की गयी, जिसमें बच्चों ने आकर्षक राखियां बनायीं. एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने सुंदर रक्षाबंधन ग्रीटिंग कार्ड तैयार किये, जबकि कक्षा तृतीय से पंचम तक के विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन विषय पर आकर्षक पोस्टर बनाये.
पेड़ को बांधी विशाल राखी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कक्षा प्रथम के विद्यार्थियों ने एक विशाल राखी बनाकर पेड़ पर बांधी. इसके माध्यम से बच्चों ने "पेड़ों को बचाएं, उनकी देखभाल करें और उनकी रक्षा करें" का संदेश दिया. बच्चों की इस पहल ने रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ दिया.
कक्षा द्वितीय की तनिष्का, तनुश और दिव्यांशी ने रक्षाबंधन पर आधारित सुंदर लघु नाटिका प्रस्तुत की. वहीं कक्षा पंचम के छात्र साकेत वर्णवाल ने अंग्रेजी में भाषण देकर पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला.
आद्या, प्रियल, सानवी, नव्या और आयत श्री ने "भाई तू मेरी जान है" गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को राखी बांधी और चॉकलेट व मिठाइयां वितरित कर खुशियां साझा कीं.
रक्षाबंधन के व्यापक संदेश से कराया परिचित
विद्यालय की शिक्षिका प्रभारी श्वेता सिंह ने रक्षाबंधन की सांस्कृतिक परंपरा और इसके व्यापक संदेश पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और सुरक्षा के साथ समाज में आपसी स्नेह, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना को भी मजबूत करता है.
कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी शुभम कुमारी मिश्रा, सृष्टि कुमारी, शिल्पी गुप्ता और कोमल कुमारी का विशेष योगदान रहा.
