: 20 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग कोडरमा . भाकपा जिला परिषद की ओर से बुधवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन से पूर्व पूर्णिमा टॉकीज से जुलूस निकाला गया, जिसमें 24 घंटे में 20 घंटे बिजली देने, गरीबों पर बिना नोटिस केस नहीं करने, मीटर की गड़बड़ी दूर करने तथा जर्जर पोल और तार बदलने की मांग उठायी गयी. धरना की अध्यक्षता युवा नेता पुरुषोत्तम यादव ने की. जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि केटीपीएस में 1000 मेगावाट बिजली उत्पादन होने के बाद भी जिले के लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर डीवीसी प्लांट और विद्युत कार्यालय का घेराव किया जायेगा. जिला मंत्री अर्जुन यादव ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है. वहीं महेश प्रसाद सिंह ने कहा कि वर्ष 1983 के पुराने पोल और तार अब भी उपयोग में हैं, जिन्हें तत्काल बदलने की जरूरत है. धरना के बाद कार्यपालक अभियंता से वार्ता हुई. उन्होंने आश्वासन दिया कि महुआटांड़ पावर ग्रिड जल्द चालू होगा और दिसंबर के बाद जिले में अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी. धरना को सच्चिदानंद पांडेय, सुखदेव पांडेय, पूर्व उप प्रमुख वीरेंद्र यादव, सिकंदर कुमार, समीम खान, नागेश्वर दास, दशरथ पासवान, रंजीत भारती, उमा देवी, शांति देवी, काली सिंह ने भी संबोधित किया.
बिजली समस्या को लेकर भाकपा का धरना-प्रदर्शन
20 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग
