कोडरमा: जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति के आंदोलन को कांग्रेस पार्टी ने समर्थन देने की घोषणा की है. शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि कोडरमा जिले के डिग्री कॉलेजों को विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से हटाकर गिरिडीह विश्वविद्यालय से जोड़ने का फैसला छात्रों और जिले के हित में नहीं है.
उन्होंने कहा कि हजारीबाग की दूरी कोडरमा से करीब 55 किलोमीटर है, जबकि गिरिडीह लगभग 130 किलोमीटर दूर है. ऐसे में यह निर्णय छात्रों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला साबित होगा. प्रकाश रजक ने कहा कि परीक्षा, प्रमाण-पत्र और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए छात्रों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा.
उन्होंने बताया कि जेजे कॉलेज बचाओ संघर्ष समिति द्वारा चलाये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन का कांग्रेस पूरा समर्थन करेगी. नौ अगस्त को प्रस्तावित सर्वदलीय बैठक सह मशाल जुलूस व 10 अगस्त से जेजे कॉलेज में शुरू होने वाली अनिश्चितकालीन छात्र हड़ताल और धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से शामिल होंगे.
उन्होंने कहा कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर छात्रों के हित में एकजुट होना चाहिए. इस दौरान जिला उपाध्यक्ष चंद्र भूषण साव, अनिल दास, मालती चंद्रा, सुभाष सिंह यादव, पप्पू दास, प्रभात कुमार राम, संजय सेठ, विजय प्रसाद सिंह, अजहर आलम, कयूमुद्दीन, कुमार रवि, अहमद अंसारी, पिंटू साव, असगर अली और सचिन वर्मा मौजूद थे.
