Koderma (डोमचांच): पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी के दस बाइक भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी कुमार उर्फ राणा निवासी जानपुर थाना डोमचांच कोडरमा और रितिक कुमार बोंगा थाना इचाक हजारीबाग शामिल हैं. इनकी निशानदेही पर चोरी की दस मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह कोडरमा जिले के अलावा हजारीबाग, गिरिडीह, रामगढ़ और अन्य सीमावर्ती जिलों में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था.
पुलिस ने चोर को रंगे हाथों पकड़ा
पुलिस के अनुसार बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इसी बीच 25 मार्च को राजेश कुमार यादव, पिता कैलाश यादव, निवासी चैनपुर की बाइक चोरी होने की जानकारी पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए थाना प्रभारी अभिमन्यु पडिहारी के नेतृत्व में जांच शुरू की. जांच के क्रम में टीम ने गुरुवार की देर शाम डोमचांच पेट्रोल पंप के समीप एक व्यक्ति को स्पलेंडर मोटरसाइकिल की चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ा.
गिरफ्तार सन्नी कुमार ने खोला पूरा राज
पकड़े गए सन्नी कुमार उर्फ राणा ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने साथियों आयुष कुमार, पिता सुनील प्रसाद मेहता, निवासी – ढडहा थाना इचाक हजारीबाग और रितिक कुमार, पिता अर्जुन प्रसाद मेहता, निवासी – बोंगा इचाक हजारीबाग के साथ मिलकर कोडरमा और आसपास के जिलों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. आरोपी ने यह भी स्वीकार किया की डोमचांच स्थित क्लिनिक के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसे अपने साथी रितिक कुमार को खपाने के लिए दिया है.
रितिक ही ठिकाने लगाता था चोरी की बाइक
उसने बताया कि कई अन्य जगहों से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी रितिक को खपाने के लिए दी गई है. ऐसे में पुलिस ने रितिक के बोंगा इचाक स्थित घर में छापामारी की और उसकी निशानदेही पर चोरी का 10 मोटरसाइकिल बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार गिरोह में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है. छापामारी दल में थाना प्रभारी के अलावा अवर निरीक्षक रामवृक्ष राम और पुलिस बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
Ranchi Weather: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, कम नहीं हुआ रामभक्तों का उत्साह
गढ़वा रामनवमी विवाद में दोनों पक्षों के 19 लोग गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर
